Posts

Showing posts from November, 2017

विधा सोंनेट, शकुंतला

Image
निषाद  कन्या    सम  लौहावर्णी    देह    सुडौल   दिव्यांगनी राजपुत्री   सम    दर्पित  काया    ज्यों   मेघ  मंडित   तरंगनी । कठोर हृदया  धरा मध्य  इक करुण कुण्डिका ज्यों छुपी हुई गहन  श्यामल  विमल  नीर    तरौच्छादित   झील  ढकी  हुई । मुखचन्द्र पर  दृग पट्टिकाएं   हैं बन्द चाप  दीर्घ  संधान किये किसलय  शय्या सोये मधुप  ज्यों मकरन्द  मदिरा पान किये । अहा तरुणी की आरुणि आभा मोहित मोर मृग खग शतदल ज्यों देव प्रतिमा निरिख निरिख  आनन्द पाते सन्तन मन तल । वन  कुमारी  दुष्यत  ब्याहता    गन्धर्व  प्रेम   कण्ठ  हार  भी चुन  रही  पुष्प  कलिकाएं   किये  कुन्तल  सुमन  श्रृंगार  भी । प्रियतम शशि  रख  हृदय व्योम  दीप्त हुई शकुंतला विभावरी आँचल  कोने  बंधी   मुद्रिका    फिर-फिर  खोल  रही  बावरी । पर  प्रेम  पात्र  से  सुधा  तिक्त   पीकर  हृदय  कुछ हारा हुआ विकल चपल  है  अन्तःकरण   मन दिनमान   अंधियारा हुआ ।

नअश्कों से भीख

Image
नअश्कों से भीख नअश्कों से भीख शोखियों से तिज़ारत नहीं मिलती दिल में ना हो जुर्रत तो मुहब्बत नहीं मिलती। आये थे इस शहर में, खाली वो सौदागर चले गए परदेश में हर दफा बेपनाह दौलत नहीं मिलती। जागना पड़ता है रातों को, दिन का चैन गंवाकर फकत सोने से किसी को शौहरत नहीं मिलती। चन्द कागज के टुकड़े एक पुरानी कलम तीखी सी खानाबदोश शायर की मलकियत नहीं मिलती। बात मुख़्तसर इतनी दरमियां इस नफरत के मेरी सूरत नहीं मिलती, तेरी सीरत नहीं मिलती। जोड़ जोड़ रिश्ते खुद ही टूट गया 'विनोदी' कहीं नियत नहीं मिलती कहीं आदत नहीं मिलती। :- ⇨  रमेश विनोदी

रजनीचरों की गाथा

Image
रजनीचरों की गाथा रजनीचरों की गाथाओं में नव विहान नहीं होते, पाषाण प्रतिमाओं के भीतर मन प्राण नही होते, देह का मरना कहाँ मरना भाव का मरना मृत्यु है, आत्म साधना करने वाले, कभी अवसान नही होते। मृतप्रायः शैशव काल शिशु शीश भी नत अवनत, ममता के सीने में विधाता हाय वेदना भरी अनन्त, हृदय चीत्कार रहा, उत्थित आवेशित मुख मण्डल आघात प्रबल हुआ जननी बुझने को आभा मण्डल हर स्तम्भित शिला को आहिल्या करने श्रीराम नहीं होते। किस गृहस्थ का घर धरा पर जहाँ कष्ट मेहमान नही होते।। :- ⇨  रमेश विनोदी